महुआडीह थानाक्षेत्र के पकड़िहवा गांव के थे पीयूष
टीलाटाली नहर में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। पकड़िहवा गांव के एक बालक की टीलाटाली गांव के पास नहर में नहाते समय डूबने से बृहस्पतिवार को मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। घर के लोगों ने शव का दाह संस्कार कर दिया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के पकड़िहवा गांव का पीयूष तिवारी (12) पुत्र राकेश तिवारी बृहस्पतिवार को अपने कुछ साथियों के साथ बगल के गांव के टीलाटाली गांव के पास बड़ी नहर में नहाने चला गया। नहाते समय पीयूष गहरे पानी में फिसलकर चला गया। इससे वह डूब गया। उसके साथ स्नान कर बाकी साथी बाहर निकल आए। कोई बड़ा व्यक्ति आते-जाते नहीं दिखा कि साथी उससे बताएं कि उनका एक साथी नहर में डूब गया है। बाहर नहर की पटरी पर बदहवास होकर साथी रो रहे थे।
इसी बीच कुछ समय बाद, कुछ स्थानीय युवक दिखे। उनसे साथियों ने बताया कि नहर में उनका एक साथी डूब गया है। उन युवकों ने छलांग लगाकर पीयूष को ढूंढ़कर बाहर निकाला। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पीयूष को लोगों के सहयोग से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बात की जानकारी होते ही पिता राकेश तिवारी, माता, छोटे भाई राजनाथ का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। व्यथित घर वालों ने शव का दाह संस्कार कर दिया। एसओ गिरीश चंद राय ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।
होनहार पीयूष की मौत से गांव में मातम
राकेश तिवारी के दो बेटों में पीयूष बड़ा था। वह काफी होनहार था। पढ़ाई-लिखाई में बहुत अच्छा था। परिवार के अलावा गांव के भी किसी ने यह नहीं सोचा होगा कि पीयूष एक दिन इस तरह मौत के मुंह में समा जाएगा। गांव के लोगों ने बताया कि इससे पहले उन बालकों को कभी भी नहर में नहाते नहीं देखा गया था। नहर में पियूष की मौत अपनी तरफ खींच ले गई। पियूष की मौत से हर तरफ मातम छाया रहा।