लार रोड । रामजानकी मार्ग पर स्थित बढ़या गांव के सामने एक स्काॅर्पियो में पीछे से आ रही बोलेरो जा भिड़ी। घटना के बाद स्काॅर्पियो सवार लोगों ने गाड़ी से उतर कर बोलेरो चालक की जम कर धुनाई कर दी। शोर सुन कुछ लोग दौड़ कर आए, लेकिन लोग रात का फायदा उठा कर फरार हो गए। शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे लार थाना क्षेत्र के ईटहुरा निवासी अनूप कुमार भारती अपनी बोलेरो लेकर लार से गांव जा रहा था। वह अभी बढ़या गांव के सामने पहुंचा तो इसके आगे एक स्काॅर्पियो जा रही थी। वह गाड़ी सड़क पर स्पीड ब्रेकर पार कर रही थी कि बोलेरो पीछे से जा भिड़ी। इस घटना से गुस्साए स्काॅर्पियो सवार लोगों ने बोलेरो चालक की पिटाई कर लाइसेंस भी ले लिया। आवाज सुन गांव के लोग सड़क की तरफ पर दौड़े, लेकिन हमलावर गाड़ी में बैठ भाग निकले। बताया जा रहा है कि स्काॅर्पियो सवार बिहार के मैरवा थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी हैं जो लखनऊ जा रहे थे। संवाद