बैतालपुर। गौरी बाजार थाना क्षेत्र के उधोपुर गांव में शौचालय टैंक में गिरने से चार वर्षीय ओम उर्फ कन्हैया का शव रविवार शाम कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने की इच्छा नहीं जताई थी। इसके बाद प्रशासन ने शव निकलवाने का फैसला लिया। उधोपुर दो अक्तूबर को घर के सामने निर्माणाधीन शौचालय के टैंक में गिरने से मासूम की मौत हो गई थी। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव दफना दिया था। गांव की गीता देवी शौचालय निर्माण के लिए टैंक बनवा रही थीं। आरोप था कि टैंक मानक से बड़ा और खुला हुआ था। इस मामले में लापरवाही के आरोप में ग्राम पंचायत सचिव सोनू कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया था। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश पर कब्र की खोदाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए निकलवाया गया था।