सोनूघाट। कोतवाली क्षेत्र के सोनूघाट-महुआनी मार्ग पर चकसराय बदलदास गांव के पास रविवार की दोपहर को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार भाजपा के जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि के भतीजे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भाग गया। युवक कूरियर कंपनी में काम करता था। इसकी जानकारी होने पर पोस्टमार्टम हाउस पर भाजपा नेताओं की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के विक्रमपुर बांसपार गांव निवासी राहुल मणि त्रिपाठी (35) एक कूरियर कंपनी में काम करते थे। कंपनी के काम से बाइक से वह रविवार को निकले थे। दोपहर करीब दो बजे महुआनी की ओर से बाइक से देवरिया आ रहे थे, अभी वह चकसराय बदलदास गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही तेज गति से पिकअप ने ठोकर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर आई पुलिस शव को कब्जे में ले श्या। राहुल की शादी वर्ष 2019 में हुई थी, एक बेटी सान्वी हैं। संवाद