देवरिया। कसया-गोरखपुर हाइवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की शनिवार को मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर गोरखपुर के तरफ भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुआडीह थानाक्षेत्र के हेतिमपुर नगर पंचायत के मठिया टोला के 50 वर्षीय सुग्रीव गोंड हरिद्वार में बिड़ला ग्रुप की एक कंपनी में काम करते थे। छठ पूजा मनाने के लिए तीन दिन पहले घर आए थे। शनिवार को वह बाइक से कुशीनगर के हाटा में छठ पूजा का समान खरीदने गए थे। लौटते समय गांव के पास, हाइवे पर कार ने बाइक में टक्कर मार दिया। गंभीर रूप से घायल सुग्रीव को हाटा सीएचसी पर लोग ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया। लेकिन कार की पहचान नहीं हो सकी। सुग्रीव की मौत से पत्नी संगीता देवी, बेटे संदीप, गोलू व बेटी नैना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। हेतिमपुर पुलिस चौकी इंचार्ज प्रह्लाद गोंड ने बताया कि सड़क हादसे में सुग्रीव गोंड की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।