-राहगीराें और ग्रामीणों को जुटता देख बाइक छोड़कर भागे बदमाश, थाने लाई पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। खोड़ा गांव के निकट बेलडॉड़-देवरिया मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात बाइक सवार बदमाशों द्वारा समारोह में जा रहे एक वेटर से मोबाइल छीन लेने का मामला सामने आया है, जबकि बदमाशों ने ई-रिक्शा भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन शोर सुनकर राहगीरों और ग्रामीणों को जुटता देख बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक थाने ले आई।
पलिया-गौरा निवासी करन पुत्र हृदयेश समारोहों में वेटर का काम करते हैं। बृहस्पतिवार की रात वह एक समारोह में साथी को साथ लेकर खेड़िया जा रहे थे। लोगों के अनुसार वह एक ई-रिक्शा से बेलडॉड़ के रास्ते जा रहे थे। ई-रिक्शा की लाइट खराब हो गई, जिससे वह मोबाइल ऑन कर चल रहे थे। इसी बीच खोड़ा गांव के निकट पीछे से बाइक सवार दो बदमाश उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया, जबकि बाइक रोक कर ई-रिक्शा भी छीनने का प्रयास करने लगे।
संयोग रहा कि लगन तगड़ी होने और शोर मचाने पर लोग मदद के लिए आ गए। मामला बिगड़ता देख बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। सीओ आदित्य कुमार गुप्त ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।