संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बरडीहा लाला के कुसहां पुलिया के पास पहले से घात लगाकर खड़े चार बाइक पर सवारों ने एक बाइक सवार युवक को घेरकर कर उसकी सरेराह जमकर पिटाई कर दी। युवक का आरोप है कि मारपीट के दौरान गले में पहने सोने की चेन भी हमलावरों ने खिंच लिया। इस दौरान चेन का कुछ हिस्सा टूटकर पीड़ित के पाकेट में गिर गया। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रजडीहा धनपुरवां निवासी नितेश कुमार यादव मंगलवार को अपनी बाइक से भलुअनी थाना क्षेत्र के बारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर पूजन-अर्चन करने गए थे। वह पूजा करने के बाद बाइक लेकर अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर बरडीहा लाला के कुसहां पुलिया के पास ही पहुंचे थे कि पहले से घात लगाकर खड़े चार बाइक पर सवार आठ युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और सरेराह पिटाई करने लगे। नितेश का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर गले से चेन छीनने लगे। इस दौरान चेन का कुछ हिस्सा टूटकर उसके पाकेट में जा गिरा। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में पट्टीदारी से हुए विवाद को लेकर उसे घेरकर मारा-पीटा गया है। चेन छीनने की बात गलत है।