गौरीबाजार क्षेत्र का रहने वाला युवक पत्नी के साथ जा रहा था ससुराल
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के कुशहरी गांव के पास रविवार को बालू लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल काॅलेज पहुंचा गया, जहां पर पति को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी पर घर में चीख-पुकार मच गई। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बौडी गांव निवासी सुदामा पाल (30) राजगीर मिस्त्री थे। वह रविवार को पत्नी सुलेखा के साथ बाइक से ससुराल बरियारपुर के कुशहरी गांव के लिए निकले। दोनों कुशहरी गांव के पश्चिम टोले पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक से गिर पड़े। तभी ट्रैक्टर पति सुदामा को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुदामा को मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर घायल पत्नी बदहवास होकर चिल्लाने लगी। तभी जानकारी पर दोनों के घरवाले अस्पताल पहुंच गए। सुदामा को मृत देख परिजन चीखने-चिल्लाने लगे। हृदय विदारक घटना को देख अस्पताल पर मौजूद अन्य लोग भी सहम गए। बरियारपुर एसओ गोरखनाथ सरोज ने बताया कि ट्रैक्टर -ट्राली की चपेट में आने से राजगीर मिस्त्री की मौत हुई है। शिकायत पर ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को भी हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।