बरहज क्षेत्र के बरहज-पैना मार्ग पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बरहज-पैना मार्ग पर बरहज मस्जिद के पास टेंपो की ठोकर से बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा युवक घायल हो गया। घायल को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख गोरखपुर रेफर कर दिया।
मेहियवां गांव के विनय (25) पुत्र बजरंगी प्रसाद ट्रैक्टर चालक था। सोमवार को वह गांव के अजय (26) पुत्र शिवरतन के साथ बाइक से बरहज डीजल लेने जा रहा था। दोनों बरहज-पैना मार्ग पर बरहज मस्जिद के पास पहुंचे थे। इसी एक टेंपो ने बाइक में ठोकर मार दिया। बाइक सवार विनय व अजय गंंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को स्थानीय अस्पताल भेजवाया गया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर देख महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। परिजन दोनों को मेडिकल काॅलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने विनय को मृत घोषित कर दिया। अजय को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद ट्रैक्टर चालक के शव को परिजनों को सौंप दिया।