ट्रॅाली में घुसी बाइक, छात्र की मौत
अनियंत्रित बाइक पीछे से ट्राली में घुसी, एक छात्र की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के लाहिलपार चौराहे पर शनिवार को एक बाइक पर सवार दो छात्र आगे जा रही ट्रॉली में भिड़ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
विजयीपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी विकास यादव (20) पुत्र सुचिंदर और वीरवट गांव निवासी विपुल गोंड (19) बाबूलाल एक ही बाइक से देवरिया से जा रहे थे। अभी वे लाहिलपार चौराहा पार कर रहे थे कि बाइक अनियंत्रित हो गई और आगे की तरफ जा रही ट्रॉली में भिड़ गई।
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विपुल की हालत गंभीर देखकर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। किसी ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। ग्रामीणों के अनुसार दोनों छात्र इसी वर्ष इंटर पास किए थे।