हाईवे पर खड़े ट्रक में भिड़ी बाइक, दो युवकों की मौत
देसही देवरिया (देवरिया)। हेतिमपुर टोल प्लाजा के पास बुधवार की शाम फोरलेन हाईवे पर पहले से खड़े ट्रक के पीछे बाइक के टकरा जाने से दो युवकों की जान चली गई। तीसरे युवक की हालत गंभीर है।
गंभीर रूप से घायल युवक को हाटा सीएचसी से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। टोल प्लाजा पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। सबको सिर में चोटें आईं थीं। अगर हेलमेट लगाया होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
महुआडीह थानाक्षेत्र के हेतिमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के पास बुधवार की देर शाम एक बाइक पर सवार तीन युवक कसया से हाटा की तरफ जा रहे थे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जाकर टकराई। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची हेतिमपुर चौकी की पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को हाटा सीएचसी भेजवाया। वहां हाटा कोतवाली क्षेत्र के पटना मिश्रौली निवासी समीम (28) को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य दोनों घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। हाटा से कुछ ही दूर आगे जाने पर दूसरे घायल रिंकू कन्नौजिया (28), की भी मौत हो गई। वह भी पटना मिश्रौली के ही रहने वाले थे।
तीसरे युवक वीरेंद्र निषाद (22) की हालत नाजुक बताई जा रही है। वह तरकुलवा थाने के बगडरा महुआरी के निवासी हैं। सूचना पर हाटा पहुंची महुआडीह पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। दोनों युवकों की मौत की जानकारी होते ही उनके परिवारों में चीख -पुकार मच गई। गांव में भी मातम छा गया। उधर, ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हेतिमपुर के प्रभारी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। एक युवक गंभीर है। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।