देसही देवरिया। देसही देवरिया ब्लॉक मुख्यालय के पास शुक्रवार की देर रात बाइक सवार युवक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। एंबुलेंस से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के देसही देवरिया गांव के आकाश प्रताप राव (36) शुक्रवार को परिवार और गांव के लोगों के साथ मिलकर धूमधाम से होली मनाया। देर शाम को वह बाइक लेकर अकेले कहीं जाने के लिए निकला। इसी बीच रात दो बजे के करीब डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने परिजनों को इस बात की जानकारी दिया कि स्थानीय गांव के पास मुख्य मार्ग पर ब्लॉक मुख्यालय के सामने आकाश हादसे का शिकार हो गया है। सूचना मिलते ही अफरा-तफरी के बीच से घर के लोग मौके पर पहुंचे। देखा कि आकाश गंभीर रूप से घायल हैं। वह बेसुध पड़े थे। एंबुलेंस की मदद से उन्हें क्षेत्र के पिपरा दौलाकदम गांव स्थित सीएचसी ले जाया गया। वहां गंभीर हालत देख डाक्टरों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया। इस बात की जानकारी होते ही दरवाजे पर लोगों की भीड़ जुट गई। उधर, मौत की जानकारी होते ही घर में चीख-पुकार मच गई।