अहिल्यापुर मोड़ पर किसानों ने बाईपास निर्माण पर बैठक
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। भूमि बचाओ संघर्ष समिति की बैठक रविवार को अहिल्यापुर मोड़ पर हुई। किसानों ने देवरिया बाईपास निर्माण के लिए अपनी जमीन बाजार मूल्य से चारगुना मुआवजा मिलने पर देने का एलान किया। ऐसा न होने पर किसी भी कीमत पर जमीन देने से किसानों ने इन्कार किया।
पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ भेदभाव कर रही है। शहर से सटे किसानों की कीमती जमीन को सर्किल रेट के चारगुना मुआवजा देकर लेना चाहती है, जबकि किसान बाजार मूल्य का चारगुना मुआवजा मांग रहे हैं। किसानों की मांग वाजिब है। इस पर सरकार को विचार करना चाहिए। किसान नेता अजीत कुमार त्रिपाठी ने कहा कि किसानों पर चौतरफा मार पड़ रही है। महंगाई, पढ़ाई, दवाई से किसान परेशान हैं। उसके पास जमीन ही एक पूंजी है। जिसे बंधक रखकर समस्याओं से निजात पाता है। सरकार ने बिना किसानों की सहमति के जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है। इससे किसान परेशान हैं। 25 दिसंबर के बाद आंदोलन को तेज करने की चेतावनी किसानों ने दी। इस दौरान कृष्णमोहन सिंह, सुग्रीव मिश्र, डॉ. राजीव मिश्र, अजय सिंह, सुरेंद्र शास्त्री, राजनाथ यादव, किशुन देव यादव, मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।