संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। भारतीय सर्वजन पार्टी ने सोमवार को पार्टी के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी। गौरीबाजार के रामपुर स्थित पार्टी कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक निषाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। अभिषेक निषाद को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव, जबकि श्रेया निषाद को कार्यालय राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। छेदी प्रसाद को राष्ट्रीय प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में अशोक निषाद ने कहा कि पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, विकास और शिक्षा के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पथरदेवा को तहसील मुख्यालय का दर्जा, देवरिया में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, गौरी बाजार की बंद शुगर मिल को दोबारा चालू कराने के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है। नागरिकों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने सरकार से बिजली बिल व रसोई गैस पर 50 प्रतिशत सब्सिडी की मांग की।
बैठक में डॉ. रामप्रसाद निषाद, संजय श्रीवास्तव, राजबहादुर पांडेय, हरिशंकर निषाद, लालचंद निषाद, श्रेया, अभिषेक निषाद, संतोष कुमार, परमहंस प्रसाद आदि मौजूद थे।