युवती के घर पहुंचते ही युवक और उसके परिजन घर छोड़कर हो गए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक चौराहे पर कॉस्मेटिक की दुकान पर सामान खरीदने आई युवती से दुकानदार का प्रेम हो गया। साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले प्रेमी ने दो वर्ष बाद शादी से इन्कार कर दिया। इससे आहत प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई। प्रेमिका के घर पहुंचते ही युवक घर छोड़कर भाग गया।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की पांडेय चक चौराहे पर कॉस्मेटिक की दुकान है। बगल गांव की एक युवती दुकान पर सामान खरीदने आया करती थी। इसी दौरान दुकानदार और युवती के बीच बातचीत होने लगी। दुकानदार ने युवती से शादी करने के लिए हामी भर ली। दो महीने पहले थाने पर मामला पहुंचा। युवक ने बहन की शादी बीत जाने के बाद युवती से शादी करने की बात कह कर समय ले लिया।
तीन दिन पहले प्रेमी के बहन की शादी बीत गई। इसके बाद प्रेमिका ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। प्रेमी के शादी से इन्कार करने और मोबाइल स्विच ऑफ कर लेने पर रविवार की शाम युवती उसके घर पहुंच गई। प्रेमिका के घर मुख्य दरवाजे पर बैठ गई। प्रेमी पिछले दरवाजे से निकलकर घर से निकल गया।
प्रेमिका के प्रेमी के घर हंगामा करने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे रामपुर कारखाना थाने के पुलिसकर्मियों ने युवती को समझा कर शांत कराया और सोमवार को थाने पर बुलाया। पुलिस ने कहा कि अभी-अभी मामला संज्ञान में आया है। दोनों पक्षों को सोमवार को बुलाया गया है।