- सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को नगर निकाय निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के दिए गए निर्देश
- मतदान केंद्रों पर आधारभूत सुविधाएं कराएं
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए शुक्रवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) जितेंद्र प्रताप सिंह ने चुनाव को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग संपन्न कराने के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जिम्मदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता से करने का निर्देश दिया। कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट चुनाव कार्य संपन्न होने तक सतर्कता बरतें और सजग रहें। इसमें गलती की गुंजाइश नहीं है, इसलिए चुनाव से जुड़ी बारीकियों एवं नियमों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियां प्राप्त हैं। वह अपने क्षेत्राधिकार में शांति, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी होंगे। मतदान के पहले जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र का भ्रमण कर उसकी संवेदनशीलता का आकलन कर लें। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान कराएंगे तथा गंभीर समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे। कहा कि नगर निकाय चुनाव में 17 नगर निकायों के अध्यक्ष एवं 261 वार्ड सदस्यों यानी कुल 278 प्रकार के बैलट पेपर प्रकाशित होंगे। सही बैलट पेपर को संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचाने में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। डीएम ने टेंडर वोट एवं चैलेंज वोट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट टीम बना लें। सभी से संपर्क व समन्वय करते हुए टेलीफोन नंबर का आदान-प्रदान कर लें। संसाधनों की जानकारी रखें और उसकी व्यवस्था भी कराएं। साथ ही मूलभूत आवश्यकताओं को कराएं। मतदान केंद्र, बूथों, स्ट्रांग रुम, मतगणना केंद्र आदि की जानकारी कर लें। साथ ही मतदान प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी भी कर लें।
एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेंगे। नगर निकाय चुनाव में शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिकता है, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और एहतियाती उपायों को अमल में लाएं। सीडीओ रवींद्र कुमार ने कहा कि सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों व बूथों का निरीक्षण कर लें। इसमें संपर्क मार्ग, पेयजल, विद्युत आदि की उपलब्धता को देखें। कहीं कोई कमी हो तो उसे समय रहते दुरुस्त करा लें। उन्होंने कहा कि मतदान के बाद सील्ड मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने तथा सांविधिक व असांविधिक लिफाफों को जमा कराने, हर मतदान स्थल के पीठासीन अधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा तथा अन्य निर्वाचन सामग्री की वापसी को सुरक्षित कर लें। इसकी सूचना देने का उत्तरदायित्व सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट का होगा। इस दौरान एएसडीएम महेंद्र कुमार, मास्टर ट्रेनर निशेष कुमार गुप्ता, शशांक शेेेखर आदि मौजूद रहे।
20 जोन और 43 सेक्टर में बटी दो नगर पालिका सहित 17 नगर पंचायत
देवरिया। नगर निकाय चुनाव को लेकर दो नगर पालिका परिषद व 15 नगर पंचायत को 20 जोन और 43 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सात-सात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में हैं।