देवरिया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के देखरेख में आयोजित देवरिया क्रिकेट लीग में बृहस्पतिवार को देवरिया एकेडमी तारकेश्वर एकेडमी बरहज को 55 रन से हराकर दो अंकों की बढ़त हासिल की। विजयी टीम के शेखर साहनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बाबा राघव दास भगवान दास स्नातकोत्तर महाविद्यालय आश्रम बरहज के क्रिकेट ग्राउंड पर सुबह में देवरिया क्रिकेट एकेडमी रजला रोड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 35 ओवर के मैच में देवरिया की पूरी टीम 19.3 ओवर में 121 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसमें सुंदरम ने 31, शेखर साहनी ने 28 तथा सूर्यांश ने 11 रन का योगदान दिया। बरहज की तरफ से गेंदबाजी करते हुए आराध्या निगम मिल्की ने चार, अंकित यादव व राहुल पटेल ने दो-दो तथा रजत कुमार मद्धेशिया ने एक विकेट प्राप्त किया। 122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तारकेश्वर क्रिकेट एकेडमी बरहज की पूरी टीम 16.2 ओवर में मात्र 66 रन पर सिमट गई, जिसमें शुभम यादव ने 14, अरविंद निषाद में 12 तथा रजत कुमार मद्धेशिया ने 10 रन का योगदान किया। देवरिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए शेखर साहनी एवं आकाश चौधरी ने चार- चार तथा अजय पासवान ने एक विकेट प्राप्त किया। मैच में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले देवरिया एकेडमी के शेखर साहनी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष/प्रभारी सचिव नागेंद्र त्रिपाठी ने प्रदान किया। मैच के दौरान देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ संयुक्त सचिव कलाम खान, शाने हबीब, तारकेश्वर आदि माैजूद रहे।