तरकुलवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर चौराहे की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर चौराहे पर उधारी का पैसा मांगने पर मनबढ़ ने मंगलवार को युवक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। परिजन घायल युवक को सीएचसी ले गए, जहां हालत गंभीर देखकर डाॅक्टरों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। पीड़ित युवक की बहन ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव की रहने वाली सीमा देवी पत्नी राजू चौहान ने पुलिस को तहरीर दी है। कहा है कि उनका भाई दिनेश चौहान सुबह नौ बजे कंचनपुर चौराहा स्थित विनोद की दुकान के सामने खड़ा था। इस बीच उधारी पैसा मांगने की बातचीत के दौरान विवाद हो गया। गांव के एक मनबढ़ ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।