- चनुकी के युवक की दिल्ली में छत से गिरकर हुई थी मौत
भाटपार रानी। थाना क्षेत्र के ग्राम चनुकी के दिल्ली कमाने गए एक युवक की चार मंजिली इमारत से गिरकर मौत हो गई थी। बुधवार को उसका शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख पुकार मच गई। शव का अंतिम संस्कार छोटी गंडक नदी के चनुकी घाट पर कर दिया गया।
ग्राम चनुकी निवासी हरिश्चंद्र पांडेय का पुत्र टिंकल पांडेय (19) दिल्ली में काम करता था। सोमवार की रात वह चार मंजिली इमारत से गिरकर घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद टिंकल पांडेय का शव जब पैतृक गांव चनुकी पहुंचा, तो परिवार में चीख पुकार मच गई। उसके भाइयों, माता और पिता का रोते-रोते बुरा हाल था। मृतक तीन भाइयों आदर्श पांडे (28) अमन पांडे (23) में सबसे छोटा और घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो चला है।