फोटो समाचार.............
अर्शी का आरोप : होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच पूरी हो जाने के बाद मामले को टरका रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मुंबई से आई बिग बॉस फेम मॉडल अर्शी खान ने रविवार को कहा कि उसकी शिकायत की जांच में पुलिस ने आठ दिन बाद केस दर्ज नहीं किया गया है। उसने एसपी से भी संपर्क किया परंतु जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने की बात कहीं गई। अब वह डीआईजी दफ्तर जाकर उनसे मुलाकात करेगी।
शहर के एक होटल में ठहरी अर्शी ने बीते मंगलवार को नगर कोतवाली पहुंचकर सोनूघाट के डॉ. कमलेश यादव पर धमकी देने व एसिड फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाया। उसका आरोप था कि डॉ. जिम संचालक पर देवरिया में चल रहे मुकदमे को वापस लेने की धमकी दी है। ऐसा नहीं करने पर उसने एसिड फेंकवाने की धमकी दी है।
इस आवेदन पर पुलिस जांच में ही जुटी थी कि जिम संचालक की मांं ने भी कमलेश यादव का बचाव करते हुए एक तहरीर अर्शी खान के खिलाफ कोतवाली पुलिस को दे दी। दो आवेदन मिलने और होटल का सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
इधर डॉ. के खिलाफ आवेदन दिए करीब आठ दिन होने के बाद प्राथमिकी नहीं दर्ज होने पर अर्शी ने मामले की लीपापोती करने का आरोप पुलिस प्रशासन पर लगाया। उसका आरोप था कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद भी पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। एसपी को भी आवेदन दिया गया परंतु कोई आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई है।
अर्शी ने रविवार की देर शाम तक मुकदमा नहीं दर्ज होने पर सोमवार को उच्चाधिकारियों से गुहार लगाने की बात कही।