संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। गोरखपुर से लौटते समय बुधवार देर रात को चौरीचौरा के पास सड़क हादसे में देवरिया के एक प्राइवेट कंपनी के मैनेजर की मौत हो गई। हालांकि घटना की जानकारी वहां की पुलिस ने मृतक के परिजनों को बृहस्पतिवार भोर में दी।
मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल के लिए निकल पड़े। मृतक खुखुंदू थाना क्षेत्र के डुमरिया लाला गांव के रहने वाले थे। देवरिया शहर में माता-पिता और परिवार के साथ रहते थे।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के डुमरिया लाला गांव निवासी कृष्ण कुमार उर्फ भोला तिवारी की दो संतानों में प्रवीण तिवारी (38) बड़े बेटे थे। वह देवरिया शहर में एक इलेक्ट्रॉनिक के प्राइवेट कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर तैनात थे। बुधवार को वह किसी कार्य वश बाइक से गोरखपुर गए थे।
वहां विलंब होने पर उन्होंने मां पुष्पा देवी को फोन कर बताया कि मैं रात को भोजन कर घर दस बजे तक लौटूंगा। इधर, जब समय अधिक हुआ तो माता-पिता और पत्नी प्रियंका तिवारी की बेचैनी बढ़ने लगी। प्रवीण के आने का परिजन देर-रात तक इंतजार करते रहे।
बताया जा रहा है कि प्रवीण ने जो समय घर आने के लिए मां पुष्पा देवी को दिया था उससे पहले ही वह हादसे का शिकार हो चुके थे। बृहस्पतिवार भोर में जैसे ही परिजनों को मौत की खबर मिली।
परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता समेत अन्य लोग घटनास्थल के लिए निकल पड़े, जबकि मां और पत्नी दहाड़े मारकर रोने लगीं। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि प्रवीण के सड़क हादसे में मौत की खबर की सूचना मिलने पर गांव के प्रधान से पता किया गया तो उन्होंने बताया कि परिवार देवरिया रहता है।