बरडीहा परशुराम गांव के पंद्रह से अधिक लोगों को पागल कुत्ते ने काट लिया। रात में घायलों को लेकर घर वाले सीएचसी पहुंचे। मरहम पट्टी करने के बाद स्वास्थकर्मी ने एंटी रैबीज इंजेक्शन खत्म होने की बात कहते हुए सुबह आने को कहा। इससे नाराज लोगों ने सीएचसी पर हंगामा खड़ा कर दिया। मामला बढ़ता देख पहुंचे सीएचसी अधीक्षक के समझाने के बाद गुस्साए लोग शांत हुए। लार के बरडीहा परशुराम गांव के मंगरईचा और परसनटोला निवासी छोटे, राजेश, धारी शर्मा, शाकिर, टीमन, नजीर, प्रभुदयाल सिंह, अहमद समेत दस से अधिक लोगों को पागल कुत्ते ने बुधवार की देर शाम काट लिया। इसके अलावा लोगों के दरवाजे पर बंधे करीब दर्जन भर मवेशियों को भी कुत्ते ने जख्मी किया है। पागल कुत्ता के हमले से जख्मी लोगों को लेकर लोग रात करीब 10 बजे लार सीएचसी पर पहुंचे। सीएचसी पर मौजूद फार्मासिस्ट ने सभी घायलों का इलाज किया और एंटी रैबीज इंजेक्शन खत्म होने की बात कहते हुए सुबह आने को कहा। यह सुन साथ में आए लोग उग्र हो गए और अस्पताल में हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप है कि सरकारी अस्पताल पर लोगों को मिलने वाली सुविधाएं स्वास्थ्य कर्मियों की मनमानी की वजह से नहीं मिल पा रही है। अधीक्षक डा. बीबी सिंह ने कहा कि कुत्ते के हमले से घायलों का रात में इलाज किया गया। 24 घंटे के अंदर कभी भी एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया जा सकता है। इसलिए घायलों को सुबह आने की बात कही गई।