-तरकुलवा विकास के कंपोजिट विद्यालय नरायनपुर की अंकिता अब गुजरात के गांधीनगर में नेशनल एथलेटिक्स में दिखाएगी दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय नरायनपुर की 7वीं कक्षा की छात्रा अंकिता प्रजापति का राष्ट्रीय माध्यमिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ में 1-4 नवंबर तक आयोजित हुए 67वीं राज्यस्तरीय माध्यमिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अंकिता ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
अंकिता ने वर्ष 2015 के अपने 1.40 मीटर के रिकार्ड को तोड़कर इस बार 1.45 मी. ऊंची कूद का रिकार्ड बनाया है। अंकिता का चयन गांधीनगर, गुजरात में होने वाली राष्ट्रीय माध्यमिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय के खेल शिक्षक अवधेश सिंह ने बताया कि अंकिता प्रजापति पथरदेवा विकास खंड के कौलाचक गांव की एक गरीब परिवार से है। एथलेटिक्स में रुचि के चलते वह चार किमी. दूर पैदल चलकर कंपोजिट नरायनपुर में पढ़ने आती है। उनके निर्देश में वह रोज सुबह आठ से नौ बजे तक विद्यालय के पड़ोस में स्थित एक घास- फूस से पटे ऊबड़-खाबड़ ग्राउंड में पसीना बहाती है।
पिछले साल राज्यस्तरीय बेसिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी उसने गोल्ड हासिल किया था। उसकी प्रतिभा को देखकर बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव, बीईओ विजय कुमार ओझा, जिला व्यायाम शिक्षक संजय सिंह, निशांत मिश्र, मुजीब सिद्दीकी, राधेश्याम राव आदि ने उसे सम्मानित किया है। बेसिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई तरकुलवा के अध्यक्ष अमरेंद्र यादव, अभिषेक सिंह, विशाल सिंह आदि ने उसे ट्रेक शूट देकर प्रोत्साहित किया है।