बच्चों को मार से बचाने के लिए अपने पास छिपाने पर सास से हुई नाराज
खुखुंदू। महिला ने अपने बच्चे को मारने के लिए दौड़ाया तो वह जाकर दादी के पास छिप गया। इससे गुस्साई बहू ने सास को दांत से काटकर जख्मी कर दिया। इसके बाद सास बच्चों को लेकर थाने पहुंच गई।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के महुई श्रीकांत गांव निवासी बुद्धि् देवी रविवार की सुबह दरवाजे पर बैठी थीं। इसी बीच उनकी बहू, पति से झगड़ने लगी। माता-पिता को झगड़ते देख तीन बच्चे उनके पास पहुंच गए। गुस्साई मां ने अपने बच्चों को मारने के लिए दौड़ा लिया। वे भागकर बाहर बैठी दादी के पास जाकर छिप गए। घर से निकली बहू बच्चों को मारने के लिए सास की गोद से खिंचने लगी। सास ने बच्चों को नहीं छोड़ा तो उसने गुस्से में आकर सास को दांत से काट लिया। बुद्धि देवी प्राथमिक उपचार कराने के बाद थाने पहुंच गईं। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। सास और बहू के बीच विवाद का मामला है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।