- खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की नवविवाहिता के गर्भ में पल रहा बच्चा उल्टा है। डाॅक्टर का कहना है कि समय रहते ठीक से इलाज नहीं हुआ तो नवविवाहिता और बच्चे दोनों की जान काे खतरा हो सकता है।
मईल थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी बीते एक साल पहले खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक से हुई। आरोप है कि तभी से पति नवविवाहिता को प्रताड़ित करता है। कई बार पिटाई भी कर चुका है। नवविवाहिता का कहना है कि पति के तीन भाई विदेश रहते हैं। जबकि उनकी पत्नियां घर पर रहती हैं। उन्हीं के बहकावे और कहने के अनुसार पति चलते हैं। ससुराल में रहने पर भी वह मेरे पास नहीं आते थे। इन दिनों मैं मायके में पिता के पास हूं।
पांच माह हो गए एक रुपये दवा और खर्च के लिए नहीं दिए हैं। कभी हमसे बात भी नहीं करते हैं। नवविवाहिता ने बताया कि हमारे पेट में सात माह का नवजात पल रहा है। डाॅक्टर ने बेडरेस्ट बोला है। कहा है कि ठीक से लगातार दवा चलानी पड़ेगी। नहीं तो जच्चा-बच्चा दोनों को खतरा हो सकता है। पिता अबतक पचास हजार रुपये से अधिक का इलाज करा चुके हैं। लेकिन पति और ससुराल वाले अब भी इलाज कराने के लिए तैयार नहीं है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पति को थाने बुलाया गया है। पारिवारिक मामला है। जांच कर कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर पड़ी है तो कार्रवाई होगी।