भटनी। नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी युवक गांव का ही रहने वाला है और घटना करीब एक महीने पुरानी बताई जा रही है। एसपी के आदेश पर शुक्रवार की देर शाम आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाली पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 फरवरी की शाम को युवती खेत की तरफ गई थी। अकेला देखकर गांव के एक युवक नशीला पदार्थ सुंघाकर युवती को एक बगीचे में ले गया। नशे की हालत में आरोपी युवक ने उससे दुष्कर्म किया। देर रात को होश में आने पर युवती घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि पुलिस जांच के नाम पर पीड़ित परिवार को थाने पर दौड़ाती रही। पिता ने इसकी जानकारी एसपी संकल्प शर्मा को दी। एसपी ने पुलिस को केस दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को पुलिस आरोपी युवक पर दुष्कर्म व अन्य धारा में केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई। एसओ श्यामानंद राय ने बताया कि जांच में प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का आया है। केस दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। संवाद