खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की घटना, आगरा का रहने वाला है युवक
- युवती को अपने पास आने के लिए बना रहा दबाव
- ऐसा न करने पर फोटो वायरल करने और जीवन बर्बाद करने की भी दे रहा धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की दोस्ती आगरा के एक युवक से तकरीबन सवा साल पहले पुणे में हो गई। युवक ने इसी बीच किसी दिन दोस्ती का लाभ उठाते हुए युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उससे संबंध बना लिया। फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की मां ने थाने में तहरीर दी है।
बताया जा रहा है कि खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती बीते सवा साल पहले पुणे में रहकर मोटर पार्ट्स की एक कंपनी में काम करती थी। उसी कंपनी में आगरा का एक युवक भी काम करता था। आरोप है कि युवक ने अपने झांसे में लेकर युवती को दोस्त बना लिया। युवती भी युवक को दोस्त मान बैठी। फिर दोनों के बीच प्रगाढ़ दोस्ती चलने लगी।
आरोप है कि इसी बीच किसी दिन युवक ने युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उससे संबंध बना लिया और उसी दरम्यान का कुछ फोटो और वीडियो भी बना लिया। जब युवती को इसकी भनक लगी तो वह अवाक रह गई। फिर उसने युवक से विरोध जताना शुरू किया।
हालांकि, युवक उसे फोटो और वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी देकर शांत करा देता था। डरी-सहमी युवती इसी के चलते काम छोड़कर घर चली आई। अब युवक बीते एक साल से गांव पर रह रही युवती को चैन से यहां भी नहीं रहने दे रहा है। वह बार-बार फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती को अपने पास बुला रहा है। युवती की मां का आरोप है कि युवक यहां तक धमकी दे रहा है कि कहीं शादी नहीं होने देंगे। मेरे पास नहीं आई तो तुम्हें बर्बाद कर देंगे।
पीड़ित की मां ने थाने पहुंच इंस्पेक्टर दिलीप सिंह से न्याय की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर मिली है। मामला पुणे का है। लेकिन यहां आने पर युवक धमकी दे रहा है तो उसका नंबर ट्रेस कराकर उसकी धर-पकड़ की जाएगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने कहा मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है। आएगा तो जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।