फतेहपुर कांड को लेकर एक्स पर सीएम को दी थी जान से मारने की धमकी
आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार कर लाई थी पुलिस
देवरिया। मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया एक्स पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसे सच्चाई की जानकारी नहीं थी। डीएम कोर्ट के फैसले के बाद सोशल मीडिया पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की मकान गिराने का पोस्ट वायरल हो रही था। इसे देखने के बाद खुद को रोक नहीं पाया और धमकी दे दी। मामला इतना बड़ा हो जाएगा, इसका अंदाजा नहीं था।
फतेहपुर सामूहिक हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ एक जनवरी को डीएम कोर्ट से फैसला आने के बाद आरोपी बौखला गया। उसने एक्स पर यादव प्रेस्टिज आईडी से पोस्ट किया कि अगर प्रेमचंद यादव का घर गिरा, तो योगी की हत्या निश्चित होगी, चाहे मेरा पूरा जीवन बरबाद हो जाए। पोस्ट वायरल होने के बाद देवरिया पुलिस हरकत में आ गई। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र चतुर्वेदी की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत हुआ।
फतेहपुर सामूहिक हत्याकांड में दो अक्तूबर 2023 को जमीन विवाद में लेहड़ा टोले पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की हत्या के आक्रोश में भीड़ ने सत्यप्रकाश दूबे सहित उनके परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी थी। एक जनवरी को डीएम कोर्ट ने सरकारी जमीन पर बने मकान को तोड़ने का तहसीदार के फैसले को बरकरार रखा।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उसके मोबाइल का काल डिटेल निकाला गया है। कई लोगों का नंबर मिला है। उसकी जांच की जा रही है। युवक कैसे लोगों के संपर्क में रहता था, उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मोबाइल फोन में दल विशेष के नेताओं के मिले नंबर
भदोही का रहने वाला अजीत यादव अपने पिता के साथ मुंबई में रहता है। पुलिस की जांच में उसके मोबाइल से कई ऐसे नंबर मिले हैं, एक दल से जुड़े नेताओं का है। जिले की पुलिस, भदोही पुलिस से संपर्क कर आरोपी के गांव जाने पर संपर्क में रहने वालों का पता लगा रही है।