देवरिया जिले के पिड़री गांव में खेत में सिंचाई करने गए चंद्रशेखर उर्फ गब्बू यादव की जमीन के विवाद में हत्या कर दी गई। चंद्रशेखर की हत्या की वजह लोग उनके द्वारा रजिस्ट्री कराए गए अधिक जमीन का विवाद बता रहे हैं। तहसील कोर्ट से वाद खारिज होने के बाद सिविल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। पुलिस को लाश के पास कुदाल और चप्पल मिला।
मदनपुर थाना क्षेत्र के पिड़री गांव निवासी किसान चंद्रशेखर यादव उर्फ गब्बू जून माह वर्ष 2022 में गांव के जोगिया टोला निवासी रामदेव कुशवाहा से 12 कट्टा जमीन बैनामा लिए। बैनामा के बाद इसकी जानकारी रामदेव के परिजनों को हुई तो उन्होंने रामदेव को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए आपत्ति जताई। तहसीलदार कोर्ट से वाद खारिज होने के बाद सिविल कोर्ट में मुकदमा लंबित है। इसके बावजूद चंद्रशेखर का नाम खतौनी में चढ़ गया और जमीन को कब्जे में ले लिए।
कई बार मदनपुर पुलिस तक मामला पहुंचा, लेकिन पुलिस लंबित मुकदमे को दरकिनार कर खतौनी को आधार मानते हुए चंद्रशेखर को सही बताया था। इसलिए चंद्रशेखर बैनामा लिए गए जमीन में खेती किसानी करते थे। उसी खेत की सिंचाई करने शनिवार रात घरवालों से कह कर गए थे। पुलिस की माने तो आरोपी रामदेव के परिजन धोखा देकर अधिक जमीन बैनामा कराने का आरोप लगाते हुए विरोध कर रहे थे।