देवरिया। शहर के कठिनईया में मकान बनाकर रहने वाले एक महिला सीएम की जनता दरबार में पहुंच धोखे से दो जालसाजों पर पांच एयर जमीन के साथ 19 कट्ठा जमीन का बैनामा करा लेने का आरोप लगाया है। महिला ने पांच एयर को छोड़कर धोखे से जमीन का बैनामा निरस्त करने की मांग की। साथ ही दोनों आरोपियों के विरुद्ध जालसाजी का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी करने की गुहार लगाई। इधर एसडीएम सदर विपिन कुमार द्विवेदी ने राजस्व कर्मी, कानूनगो व लेखपाल के साथ मौके पर पहुंच मामले की जांच की। जांच के बाद भी उक्त अधिकारियों की तरफ से दोनों जालसाजों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इधर महिला का आरोप है कि जालसाज उसे जान माल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे है। खुखुंदू क्षेत्र के पिपरा मिश्र निवासी प्रियंका देवी पत्नी जयप्रकाश चौबे अपने बाल-बच्चों के साथ शहर के कठिनइयां में मकान बनाकर रहती है। जनता दर्शन में दिए गए ज्ञापन में उसने कहा है कि मेरे पति जयप्रकाश मौजा लोहरा तहसील व जिला देवरिया स्थित अराजी नंबर 115 से 0.005 83/100 हेक्टेयर का बैनामा बैरौना व शाहपुर के दो लोगों को 14 फरवरी 2024 को पांच लाख छह हजार रुपये प्राप्त कर किए, लेकिन उक्त दोनों व्यक्ति मेरे पति के साथ धोखाधड़ी करके मौजा पिपरा मिश्र स्थित आराजी नंबर 71 रकबा 0.267 हेक्टेयर को भी बैनामा में अंकित करा लिए। जिसकी किसी प्रकार से जानकारी नहीं होने दिया गया। कई बार आवेदन देने के बाद भी इनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही नहीं हो रही है।