खुखुंदू। क्षेत्र के एक मैरिज हाल में शादी के दौरान पुलिस के पहुंचने पर दूल्हा मंडप छोड़कर भाग गया था। अब वह दुल्हन की विदाई कराने के लिए उसकी मान-मनौव्वल में जुटा है। दूसरी ओर प्रेमिका उसकी गिरफ्तारी कराने में जुटी है। वहीं जबसे दुल्हन को दूल्हे के खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी हुई है, वह उसके साथ जाने को तैयार नहीं है। प्रेमिका ने दूल्हे पर 10 दिन पहले सदर कोतवाली में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की तीन दिन पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक से मैरिज हाल में शादी हुई। इसी दौरान दूल्हे की प्रेमिका ने पुलिस भेज दिया। नतीजा दूल्हा मंडम में ही दुल्हन को छोड़कर भाग गया। मामले की जानकारी होते ही दुल्हन के घरवाले उसे लेकर घर चले गए। अब दूल्हा उसकी विदाई कराने के लिए उसकी मान-मनौव्वल में जुटा है, लेकिन दुल्हन जाने को तैयार नहीं है। दूसरी ओर युवक के खिलाफ उसकी प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। प्रेमिका का आरोप है कि युवक 2016 में पति के तलाक देने के बाद 2018 में संपर्क में आया। इसके बाद मुझे झांसे में लेकर जोर-जबरदस्ती करके मेरे साथ दुष्कर्म किया। जब गर्भ ठहरता था तो गर्भपात कराता रहा। अब उसने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद उसने चुपके से अपनी शादी दूसरे जगह तय कर ली। कोतवाल दिलीप सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है, बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।