- हत्या से पूर्व आरोपियों अच्छेलाल के साथ उड़ाई थी दावत
- एक साथ किया नशा, नशे की हालत में पहुंचने पर उतारा था मौत के घाट
संवाद न्यूज एजेंसी
मदनपुर/ रुद्रपुर। मदनपुर के टड़वा गांव में ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना उस वक्त अंजाम दी गई, जब युवक चौराहे से दवा लेकर घर लौट रहा था। इस घटना को बदमाशों ने रेकी करने के बाद अंजाम दिया। हत्या से पहले घटनास्थल से कुछ दूरी पर अच्छेलाल के साथ बदमाशों ने दावत भी की थी। इसके बाद नशा करते हुए इस हृदय विदारक घटना को अंजाम दिया।
गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के छोटी देवरी निवासी अच्छे लाल पासवान (40) दस दिन पहले ससुराल में चिखुरी पासवान के घर टड़वा गांव गए थे। 10 जुलाई को उनके साले के लड़के की शादी थी। इसमें वह पत्नी केवली देवी और बच्चे राज, शिव, राजन, प्रीति और सोनी के साथ शामिल होने गए थे। शादी के बाद बीच में वह दो दिन के लिए ननिहाल करमेल चले गए। परिजनों के अनुसार रविवार की शाम वह घर से पत्नी की दवा लेने के लिए बोलकर निकले। लौटने के क्रम में बदमाशों ने गर्दन काटकर उनको मौत के घाट उतार दिया।
चर्चा है कि रेकी करके अच्छेलाल की हत्या की गई है। हत्यारों ने उसके साथ पार्टी का लुत्फ भी उठाया है। इसके बाद पीने-पिलाने का दौरान चला। जब अच्छेलाल नशे की हालत में पहुंचा तो उसकी गर्दन काटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस इस मामले में युवक की मौसी के गांव की दो युवकों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
-
चोरी छिपे गांव जाना अच्छेलाल को पड़ा महंगा
अच्छेलाल ससुराल में शादी समारोह बीतने के बाद वह दो दिन के लिए रुद्रपुर के करमेल ननिहाल के घर गया था। जहां से कुछ घंटों के लिए वह चोरी चुपके से अपने गांव गोरखपुर जिले के गोला थाना के छोटी देवरी गया था, जहां पट्टीदारों को उसके आने की भनक लग गई और वह मारने के लिए रेकी शुरू कर दी। गर्दन पर वार करने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। इधर अच्छेलाल लहूलुहान होने के बावजूद भी सड़क की तरफ जान बचाने के लिए भाग, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। बदमाशों ने काफी गहरा वार किया था, जिससे उसकी कुछ देर के बाद मौत हो गई।
-
जमीन बंटवारे के दौरान हुए विवाद के बाद परिवार के साथ रहता था मुंबई
अच्छेलाल पासवान छोटी देवरी गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद के बाद मुंबई में परिवार के साथ रहने लगा। विवाद के कारण उसने गांव में आना-जाना बंद कर दिया था। ससुराल में 12 जुलाई को साले की बेटी की शादी में पत्नी केवली देवी और बच्चों के साथ शामिल हुआ। शादी के बाद वह करमेल गांव ननिहाल भी गया था। बताया जा रहा है कि अच्छेलाल एक शाम अपने गांव भी गया था। इसकी जानकारी जमीन के विवाद करने वाले आरोपियों को लग गई और उसे मारने की जुगाड़ में वह जुट गए। रविवार की शाम मृतक ससुराल में चौराहे से दवा ले आने को कह कर निकला। उसका मोबाइल घर पर ही था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसे तीन युवकों के साथ आटा चक्की के पीछे बैठ कर कुछ खाते देखा गया। आशंका जताई जा रही है कि वारदात के पहले मृतक को शराब पिलाई गई। जिसके बाद उसके गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया गया। वह लहूलुहान होकर भागा और गिर गया। आरोपी बाइक से फरार हो गए। वह छटपटा कर मर गया। देर रात पहुंचे पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने मृतक की पत्नी ने हत्या के कारण के बारे में पूछताछ की।
-
मृतक की मौसी के गांव से दो युवक हिरासत में
टड़वा गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की मौसी के गांव से दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। मृतक के गांव से घटना के आरोपी फरार बताए जा रहे है। पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी घर पर नहीं मिले। घटना में मृतक के पट्टीदारों के साथ कुछ रिश्तेदारों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।