बरहज/सोनाड़ी (देवरिया)। परसियां भीखम गांव निवासी और प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर रहे सूर्यप्रताप सिंह की हत्या के दूसरे दिन उनके गांव में मातम रहा। परिवार वालों ने लखनऊ में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के अनुसार महिला के साथ लिव इन रिलेशन में आने के बाद से सूर्यप्रताप ने घरवालों और अपनों से दूरी बना ली थी। गांव में सूर्यप्रताप के घर ताला लगा हुआ है। पटीदार भी घटना के बाद लखनऊ चले गए हैं। गांव में चर्चा है कि सूर्यप्रताप ने महिला के संपर्क में आने के बाद से लखनऊ में अपने माता-पिता, रिश्तेदारों और परिचितों से मिलना-जुलना बंद कर दिया था। कहा जा रहा है कि सूर्यप्रताप को झांसे में लेने के बाद महिला की नजर उनके मकान पर थी। जिसको लेकर विवाद भी होता रहता था।