सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया
बरियारपुर। कृषक इंटरमीडिएट कॉलेज विशुनपुर कला की 12वीं की छात्रा आफरीन खातून ने यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा में पांच सौ में से 479 यानी 95.80 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉप करने के साथ ही प्रदेश में भी नौवां स्थान लाकर जनपद का मान बढ़ाया है। आफरीन बरियारपुर थाना क्षेत्र के महुआबारी गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता महबूब अली विशुनपुर कला चौराहे पर कपड़े की दुकान चलाते हैं। मां सादमा खातून गृहिणी हैं। जबकि बड़े भाई आशिक अली उप्र पुलिस में कांस्टेबल व छोटे भाई एलएलबी की पढ़ाई करते हैं।
आफरीन ने बताया कि उन्हें यह उम्मीद तो थी कि वह अच्छे नंबर लाएंगी, लेकिन यह नहीं सोचा था कि वह पहले जिले में नंबर पर आएगीं। टॉप कर और प्रदेश में नौवीं रैंक लाकर वह खुश हैं। वह आईएएस बनना चाहती हैं। वह गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीएससी के साथ ही सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी भी करेंगी।
आफरीन ने बताया कि गांव में पढ़ाई करने में दिक्कत तो आई, लेकिन वह रोजाना सात से आठ घंटे पढ़ाई करती थीं। मोबाइल ऑनलाइन पढ़ाई में बेहद मददगार साबित हुआ, तभी वह टॉपर बन सकी हैं। आफरीन ने उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और भाइयों को दिया है।
उन्होंने बताया कि उनकी मां और पिता ने कभी भी पढ़ाई में पैसों और अन्य किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत सामने नहीं आने दी। यहां तक पहुंचाने के लिए बहुत सपोर्ट किया। आफरीन के टॉपर बनने की सूचना पर उसके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। कॉलेज व परिवार के लोगों ने आफरीन व उसके माता-पिता को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी।