सलेमपुर। तुर्तीपार-चुरिया तटबंध पर हो रहे कटानरोधी काम का रविवार की शाम अपर जिलाधिकारी प्रशासन जैनेंद्र कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने बंधों के मरम्मत में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने 26 जून तक मरम्मत कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ विभाग के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को बताया कि सरकार बाढ़ से बचाव में किसी भी कीमत पर लापरवाही नहीं चाहती है। बाढ़ आने के पहले सभी तैयारियां पूरी हो जानी चाहिए। सिर्फ तुर्तीपार-चुरिया तटबंध की मरम्मत के लिए 3.13 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि तटबंधों की सतत निगरानी होनी चाहिए। यदि कहीं सीपेज, रेट होल हो तो उसे समय से दुरुस्त कर लिया जाए। संवाद