ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज में दो लाख रुपये और चारपहिया वाहन की मांग को लेकर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तरकुलवा थाने में तहरीर देकर ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के मठिया रत्ती गांव के रहने वाले रमेश गुप्ता की बेटी गुंजन गुप्ता की शादी 20 मई 2019 को क्षेत्र के भैंसा डाबर गांव निवासी नीरज गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता से हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। गुंजन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि शादी के बाद से उनके पति, सास, ससुर आदि ससुरालियों द्वारा मायके वालों से दो लाख रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन की मांग की जाती है। माता-पिता दहेज में इतनी रकम और गाड़ी देने में असमर्थ हैं, जिसके चलते ससुरालियों ने गोलबंद होकर उन्हें जान से मार डालने की नीयत से पहले लाठी-डंडे, लात-मुक्का से मारा-पीटा। इसके बाद उन लोगों ने उन्हें पकड़ कर ईंट की दीवार में लड़ाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और घर से निकाल दिया है। वह किसी तरह से जान बचाकर मायके में शरण ली है।
इस संबंध में एचएसओ दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना कि जांच करके आरोपियों के खिलाफ न्याय संगत धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।