- शेरवां बभनौली गांव में टेंट ले जाते समय वारदात को दिया गया अंजाम, पुलिस जुटी जांच में
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली के छावनी टोला पर टाटा मैजिक गाड़ी से टेंट लेकर जाते समय गांव में चालक को रोककर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। चालक का आरोप है कि पहले हमलावरों ने गाड़ी से खींचकर नीचे गिराया, फिर पिटाई कर बुकिंग में मिले 25 हजार रुपये छीन लिए। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में पहुंच तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस इसे मारपीट की घटना बता रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सोनूघाट निवासी सतीश यादव की टेंट एजेंसी खुखुंदू चौराहे पर है, जिसे खुखुंदू थाना क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव निवासी मनीष पटेल चलाते हैं। वह स्वयं बुकिंग कर टाटा मैजिक गाड़ी से टेंट का सामान पहुंचाते हैं, और फिर मजदूरों से काम कराते हैं। शनिवार को खिरसर गांव में टेंट का एक वैवाहिक कार्यक्रम में बुकिंग था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रविवार को मनीष खिरसर से सामान अपने गांव के छावनी टोला रामाधार पटेल के यहां ले जा रहे थे। रास्ते में किसी का विद्युत तार टूट गया।
चालक मनीष का कहना है कि तत्काल मैंने तार जुड़वाने की बात कही, लेकिन फिर भी मुझे गाड़ी से खींचकर जमीन पर गिरा दिया गया और फिर पिटाई करते हुए बुकिंग में मिले 25 हजार रुपये छीन लिए गए। हमलावरों ने पुलिस से वारदात बताने पर जानमाल की धमकी दी है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, लेकिन घटना मारपीट की है। पुलिस मौके पर गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने मामले से अनभिज्ञता जताई।