भटनी। चौरीचौरा एक्सप्रेस से पान मसाला चोरी के मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों को सोमवार को आरपीएफ ने वाराणसी स्थित न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरपीएफ की पूछताछ में दिल्ली निवासी गिरोह के तीन सरगनाओं ने चोरी से जुड़े कई राज उगले हैं। सलेमपुर और पिवकोल रेलवे स्टेशनों के बीच 20 अगस्त की भोर में चौरीचौरा एक्सप्रेस से करीब दो लाख रुपये मूल्य के सात पैकेट पान मसाला चोरी हो गए थे। मामले में आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए रविवार को बिहार के कटेया से चोरी का माल बरामद किया था और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरपीएफ कमांडेंट छपरा पंकज चुघ ने बताया कि आरोपियों से मिली जानकारी पर आरपीएफ व सीआईबी काम कर रही है। जल्द ही उनके अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद