-कहा- विभागीय लापरवाही से छात्रवृत्ति से वंचित हो जाएंगे कई छात्र
-समय से सूचना नहीं देने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। छात्रवृत्ति से जुड़ी तीन सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जिला समाज कल्याण अधिकारी जैसवार लाल बहादुर का घेराव किया। समस्या का समाधान जल्द करने के आश्वासन के बाद उन्हें ज्ञापन सौंपा।
परिषद के कार्यकर्ताओं ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को अवगत कराया कि 60 प्रतिशत से अधिक की संख्या में विद्यार्थियों के आवेदनपत्र रद्द कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों ने कहा कि महाविद्यालयों की ओर से अंतिम समय में यह सूचना दी गई कि जिन छात्रों ने छात्रवृत्ति में अपना आय प्रमाणपत्र लगाया है, उनका आवेदन पत्र रद्द कर दिया गया है। विद्यार्थियों के सामने समस्या यह उत्पन्न हो रही है कि स्कॉलरशिप की तिथि समाप्त हो चुकी है, पोर्टल बंद हो चुका है। विद्यार्थी अब छात्रवृत्ति का आवेदन करने से वंचित रह जाएंगे।
ऐसे में विद्यार्थियों ने समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से शासन- प्रशासन से यह मांग की है कि छात्रवृत्ति के पोर्टल एक बार पुनः उचित समय के लिए खोला जाए या जिन विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति का पिछले साल की नीति अनुसार आवेदन किया है उन सभी का आवेदन स्वीकार किया जाए।
जिला संयोजक कुलदीप पांडेय ने कहा कि शासन के निर्देश को समय से पहुुंचाया गया होता तो विद्यार्थियों परेशानी का सामना न करना पड़ता। महाविद्यालय प्रशासन और समाज कल्याण अधिकारी की जिम्मेदारी थी कि सूचनाओं का आदान प्रदान समय से हो। इस दौरान नगर विस्तारक सात्विक, सोमनाथ, श्याम मणि, अमित मणि त्रिपाठी, शिखर विनय सिंह , पवन जयसवाल, डिंपल, शालू, सोनम, निशा, शिवानी आदि मौजूद रहे।