खुले आसमान तले रहने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज पछुआ हवा से गेहूं के डंठल में आग लगने से निकली चिंगारी से परसिया अली में आधा दर्जन मकान जलकर राख हो गए। इसमें गृहस्थी के सामान जल गए। पीड़ित खुले में रहने के लिए विवश हैं।
बृहस्पतिवार को तेज पछुवा हवा से गेहूं के डंठल में लगी आग से निकली चिंगारी से मईल थाना क्षेत्र के परसिया अली गांव में पहले नंदलाल प्रसाद का जला। इससे शादी की तैयारी के लिए घर में रखे पचास हजार नकद, गहने, गेहूं और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इसके बाद बगल के रामनरेश के मकान में आग लगी। उनके मकान में रखे गहने, नकदी, अनाज और घरेलू सामान जल गया। इसके बाद दिनेश, सुरेश, शंभू प्रसाद व गणेश के मकान में आग लग गई।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया गया।
परसिया अली में नंदलाल प्रसाद की पत्नी राजकुमारी बड़े बॉक्स में 50,000 रुपये जला देखकर बार-बार बेहोश हो जा रही थी। नंदलाल की पांच बेटियां हैं। मई में लड़की की शादी है। रामनरेश ने भी गाय बेच कर 40,000 रुपये घर में रखा था, उनके घर भी शादी है।