संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भाटपार रानी। नोएडा से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी कृष्णा को गिरफ्तार कर पुलिस खामपार थाने ला रही थी। इसी बीच शौच जाने का बहाना बनाकर कृष्णा गेट पर पहुंचा और दुल्लहपुर से नायकडीह रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन से छलांग लगा दी। कृष्णा की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसपी संकल्प शर्मा ने एएसपी दक्षिणी को जांच की जिम्मेदारी दी। कृष्णा की मौत की सूचना पर मृतक आस्थानंद के परिजनों ने बस इतना कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा। वह अन्य आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए लड़ेंगे।
खामपार कस्बा निवासी आस्थानंद खटीक और जयप्रकाश बांसफोर परिवार के बीच 21 जुलाई 2024 को विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों का परिवार आपस में भिड़ गए। खामपार थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना में आस्था नंद की मौत हो गई। पुलिस ने तत्वरित कार्रवाई करते हुए जयप्रकाश सहित कन्हैया व गोपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि कृष्णा फरार चल रहा था। कृष्णा की मौत की सूचना के बाद आस्थानंद की पत्नी तेतरी देवी ने कहा कि हम अपने पति के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए लड़ेंगे। कृष्णा बांसफोर की मौत पर उसने बस इतना कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा।
-
प्रदर्शन करने पर दर्ज की गई प्राथमिकी से आहत है अस्थानंद का परिवार
आस्था नंद की मौत के बाद उसके परिजनों ने जमकर बवाल काटा था। शव को खामपार थाने के गेट पर रख प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने आस्थानंद के परिजनों व सहयोगियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। जिससे आस्थानंद के परिजन आहत हे। उनका कहना है कि मेरे परिवार के एक सदस्य की जान गई और हम अपनी मांगों को लेकर जब फरियाद करते हुए सड़क जाम किए तो पुलिस ने हम लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। आस्था नंद की पत्नी ने पुलिस प्रशासन से इस मुकदमे को भी समाप्त करने की मांग की है। आस्था नंद की पत्नी तेतरी देवी व पुत्र नीतेश ने दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की है। उनका कहना है कि न्याय नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री के जनता दरबार में मुकदमा वापस करने के लिए गुहार लगाएंगे। आस्थानंद के दो पुत्र नीतेश व विवेक व चार पुत्रियां हैं। चार पुत्रियां में दो की शादी हो चुकी है और दो अभी कुंवारी है।
एक मामले में सजायाफ्ता था आस्था नंद
आस्थानंद की ससुराल बरियारपुर में है। ससुराल में हुए किसी घटना में वह आरोपी था। इस मामले में जनपदीय न्यायालय से उसे सजा भी हुई थी। लगभग दो वर्ष की सजा काटकर वह घर आया था। घर आने के बाद महज एक वर्ष बीता की मारपीट की घटना में उनकी मौत हो गई।
एएसपी ने कहा शीघ्र सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट
आस्थानंद हत्या कांड के वांछित आरोपी कृष्णा बांसफोर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कस्टडी में रेल दुर्घटना में हुई मौत की जांच का जिम्मा एसपी संकल्प शर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह को सौंपा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच के बाद शीघ्र रिपोर्ट एसपी को सौंपी जाएगी।