एक रिश्तेदार के घर मौसी को छोड़कर घर आ रहे थे अंकित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कपरवार गांव के युवक की बड़हलगंज के नेतवार में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। बृहस्पतिवार की देर शाम वह सोनूघाट से अपनी मौसी को साथ लेकर बाइक से बड़हलगंज क्षेत्र में गए थे। वहां उन्हें छोड़कर गांव आ रहे थे। इसी दौरान रामजानकी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
कपरवार पश्चिम टोला निवासी मुन्ना साहनी के पुत्र अंकित साहनी (18) रिश्तेदार के वहां से बाइक से घर आ रहे थे। वह रामजानकी मार्ग पर नेतवार पट्टी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी बीच पीछे से तेज वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। हादसा देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद व आसपास के लोग जुट गए।
मोबाइल और आधार कार्ड से उनकी पहचान होने पर लोगों ने परिवार वालों को सूचना दी। आनन-फानन अंकित को इलाज के लिए बड़हलगंज ले जाया गया, लेकिन सिर और सीने में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई।
सीओ बरहज आदित्य कुमार गौतम ने बताया कि बड़हलगंज के नेतवार पट्टी में हुए हादसे में कपरवार के युवक की मौत की जानकारी मिल रही है। पता कराया जा रहा है।
इंसेट में-
भाई-बहनों में सबसे छोटा था अंकित
बरहज। कपरवार पश्चिम टोला निवासी अंकित साहनी बड़हलगंज क्षेत्र के नेतवार पट्टी गांव के पास हुए सड़क हादसे में घायल हो गए और इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले में सन्नाटा है। अंकित तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था।