असलहा दिखाकर अपनी बाइक पर बैठाकर बैतालपुर चीनी मिल मैदान में ले जाकर की पिटाई
मूर्च्छित होने के बाद डुमरी पांडेय चकमार्ग की पुलिया के पास फेंक कर भाग निकले
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के हिरंदापुर गांव निवासी एक युवक से यज्ञ के दौरान गांव के ही युवक से कहासुनी हो गई। इसके बाद गांव का युवक साथियों के साथ मिलकर असलहा का भय दिखाते हुए युवक को बैतालपुर चीनी मिल मैदान में ले जाकर पिटाई की। मूर्च्छित होने पर उसे डुमरी पांडेयचक मार्ग पर फेंक कर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हिरंदापुर गांव निवासी रामबिंद राजभर की गांव के ही एक युवक से यज्ञ के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से खार खाया युवक गांव के आधा दर्जन लोगों के साथ रविवार की रात पहुंचा और असलहा दिखाकर अपनी बाइक पर जबरन बैठा लिया। आरोपी उसे लेकर बैतालपुर चीनी मिल मैदान में पहुंचे, जहां आरोपियों ने बेल्ट और रॉड से उसकी जमकर पिटाई कर दी। युवकों की पिटाई से रामबिंद मूर्च्छित हो गया।
इसके बाद आरोपी उसे लाकर डुमरी-पांडेय चक मार्ग स्थित पुलिया के पास फेंक कर भाग निकले। होश में आने पर उसने परिजनों को घटना की सूचना दी। इलाज के बाद सोमवार की सुबह रामबिंद ने सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इसमें तीन नामजद व चार अज्ञात लोगों को आरोपित किया है।
थानेदार नंदा प्रसाद ने कहा कि मामला संज्ञान में है। घटना की छानबीन की जा रही है। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।