बरियारपुर। थाना क्षेत्र के डीहाबसंत गांव में वीडियो बनाते समय मना करने पर दूसरे समुदाय के युवक ने चाकू से हमला कर एक युवक को घायल कर दिया। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मौके से आरोपी युवक को बृहस्पतिवार को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। थाना क्षेत्र के डीहाबसंत गांव में मंगलवार को योगेंद्र शर्मा के पुत्री की बरात आई थी, जहां विवाह का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं गांव का ही युवक आशिक अंसारी पुत्र असगर अंसारी महिलाओं-युवतियों की वीडियो बनाने लगा। योगेंद्र के बेटे चंदन ने आशिक अंसारी को ऐसा करने से मना किया। इससे आशिक नाराज होकर चला गया। शादी के बाद बृहस्पतिवार को चंदन शर्मा गांव के मार्कंडेय बाबा मंदिर पर बैठा था, इसी बीच आशिक अंसारी अपने दो दोस्तों के साथ पहुंचा और चंदन को मारने लगा। इसी दौरान आशिक ने चंदन के कंधे, कमर व सिर पर चाकू से प्रहार कर दिया। चंदन घायल होकर गिर गया और हमलावर भाग गए। चंदन ने थाने पर आरोपी आशिक अंसारी के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने आशिक अंसारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।