- परिवार की माली हालत ठीक करने विदेश जाने वाला था युवक, जाने से पूर्व वह परिजनों से मिलने आ रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर धौताल गांव के युवक की मध्यप्रदेश में ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार की रात को मौत हो गई। मध्य प्रदेश की पुलिस ने मोबाइल से घरवालों को इसकी सूचना दी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर धौताल गांव निवासी एकबाल शाह 24 पुत्र फूल हसन पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह हैदराबाद में रहकर आर्गन वेल्डर का काम कर परिजनों का भरण-पोषण करता था। इसी माह वह विदेश जाने की तैयारी में था। जिसके चलते वह परिजनों से मिलने के लिए गांव आ रहा था। इस बीच मध्यप्रदेश के बैतुलपुर स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर जब परिजनों को हुई तो वे दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों के रोने की आवाज सुनकर पूरे गांव में मातम छा गया। मृतक के पिता फूल हसन व मां शकीला खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववालों ने बताया कि मृतक एकबाल के परिजनों की माली हालत दयनीय है। वही एकमात्र परिवार का कमाऊ पूत था।