तरकुलवा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नारायणपुर में पांच साल बाद ससुराल लौटी विवाहिता और उसके साथ आए मायके वालों ने पति और उसके बड़े भाई की पिटाई कर दी। आरोप है कि पति ने उसके अचानक किसी दूसरे के साथ चले जाने का कारण पूछा तो महिला भड़क गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर बीच-बचाव कराया। पीड़ित पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नारायणपुर गांव निवासी राम प्रसाद गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उनके छोटे भाई कन्हैया की पत्नी पां साल पहले कहीं चली गई थी। उसकी काफी खोजबीन की गई। ससुराल वालों से भी बात की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। 22 मई की रात करीब 10 बजे छोटे भाई की पत्नी अचानक वापस आ गई। छोटे भाई ने लापता होने का कारण पूछा उसने और उसके मायके पक्ष से आए छह-सात लोगों ने पिटाई कर दी। शोर सुनकर बड़े भाई रामप्रसाद बचाने आए तो उन्हें भी पीटा गया। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।