छेड़खानी के आरोपी शिक्षक पर केस दर्ज, बीएसए ने किया निलंबित
देवरिया सदर क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुई घटना के बाद जागे अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली/देवरिया। क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोपी शिक्षक पर सुरौली थाने की पुलिस ने मां की तहरीर केस दर्ज कर लिया। जबकि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि सदर क्षेत्र के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद बीईओ ने वहां के अध्यापकों को बुलाकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद जांच के लिए बीईओ सदर, एसआरजी शीला चतुर्वेदी, उच्च प्राथमिक विद्यालय पगरा की शिक्षिका सुषमा राय के नेतृत्व में जांच समिति का गठन किया गया।
जांच समिति जब छात्रा के घर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़ने गई है। ट्यूशन वाले स्थान पर जाकर सदस्यों ने पीड़ित छात्रा से बात की और पूरी स्थिति से अवगत हुए। जांच समिति की रिपोर्ट में आरोपी शिक्षक प्रथमदृष्टया दोषी पाया गया है।
एक सहायक अध्यापक द्वारा अपनी छात्रा के साथ ऐसा करना उनके आचरण के खिलाफ है। उसका कुकृत्य किसी भी शिक्षक को शर्मसार करने वाला होने के कारण शिक्षक संवर्ग व विभाग की मंशा के प्रतिकूल कार्यशैली का परिचायक है। उन्होंने बताया कि आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है तथा प्रकरण के जांच अधिकारी के रूप में बीईओ भलुअनी को तैनात किया गया है।
उधर, सुरौली के प्रभारी एसओ रंजीत सिंह ने बताया कि छात्रा की मां की तहरीर पर आरोपी शिक्षक अनवर अली पर छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।