थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत के तरफ शौच करने गई सातवीं कक्षा की छात्रा से रविवार दोपहर में सामूहिक दुष्कर्म होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक गमछे से मुंह बांध कर उठाकर बासवाड़ी में ले गए और वहीं बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
इसके बाद गमछा लेकर भाग निकले। उधर, मुंह से गमछा हटते ही छात्रा जोर से चिल्लाई। एक लड़का वहां पहुंचा और फिर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची 112 पुलिस दो को हिरासत में ले ली। हालांकि एक भाग निकला। मगर पुलिस किसी को हिरासत में लेने से इंकार कर रही है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस कार्रवाई की बजाए पहले मैनेज में जुटी रही।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी पड़ोस के एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा सात में पढ़ाई करती है। रविवार की दोपहर को वह गांव के पूरब खेत के तरफ शौच करने गई। उधर से लौटते समय धूप तेज होने पर वह एक पेड़ के नीचे रुक गई।
इसी बीच तीन युवक पहुंचे और पीछे से मुंह दबाकर फिर गमछे से छात्रा का मुंह बांध दिया और उसे बगल की बासवाड़ी में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। छात्रा ने आपबीती घर आकर बताई। सूचना पर 112 पुलिस भी पहुंच दो युवकों को हिरासत में ले लिया।
परिजनों का आरोप है कि पीड़िता लगातार चिल्लाए जा रही है कि मेरे साथ युवकों ने छेड़छाड़ करते हुए गलत काम किया है। हालांकि पुलिस इसे मानने को तैयार नहीं है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस सिर्फ आरोपियों को बचाने में जुटी है।
घटना के समय से लेकर देररात तक पुलिस मामले को मैनेज करने में जुटी रही। हालांकि पीड़िता का परिवार कार्रवाई के लिए अड़ा रहा। हालांकि पुलिस का कहना है कि छेड़खानी और पास्को एक्ट का केस दर्ज किया गया है।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने छेड़खानी और पास्को एक्ट के तहत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही थी। जैसे तहरीर मिली केस दर्ज कर लिया गया। पीड़िता सामूहिक दुष्कर्म और बार-बार तहरीर बदलवाने का आरोप लगा रही है।
तहरीर बदलकर केस दर्ज किया गया है पर बोले आरोप निराधार है। छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी कर दी जाएगी।