दर्जी की दुकान में लगी आग के बाद सभी सामान जलकर खाक हो गया
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज के थाना मार्ग स्थित एक कटरे में बृहस्पतिवार की सुबह शार्ट सर्किट से एक दर्जी की दुकान में आग लग गई। लोगों को जब तक इसकी जानकारी होती और कुछ कर पाते, दुकान में सारा सामान जलकर राख हो गया। करीब 20-25 वर्ष के मेहनत से खड़ी की गई दुकान में एक भी सामान न बचने से परिवार आहत है।
पुराना बरहज वार्ड निवासी याकूब मंसूरी पुत्र रमजान थाना मार्ग स्थित एक कटरे में दर्जी की दुकान चलाते हैं। लोगों के अनुसार याकूब बुधवार की देर शाम पड़ोसी दुकानदार प्रदीप जायसवाल के साथ अपनी दुकान बढ़ाकर घर चले गए।
बताया जा रहा है कि भोर में शार्ट सर्किट से उनकी दुकान में आग लग गई। धुआं निकलते देख जिम जा रहे फल व्यवसाई विनोद सोनकर ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। जानकारी होने पर याकूब भी मौके पर पहुंच गए।
किसी तरह लोग दुकान का शटर तोड़कर आग बुझाने में जुट गए। लेकिन, तब तक दुकान में रखा सिलाई मशीन, पीको मशीन, ग्राहकों के सिले गए पैंट, शर्ट, कोट, लंहगा आदि कपड़े जल गए। दुकानदार करीब दो से ढ़ाई लाख के नुकसान होना बता रहे हैं। दुकान में आग लगने की जानकारी होने पर पत्नी शहनाज खातून और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। पता कराती हूं।