भीखमपुर रोड पर खुला मिला निजी स्कूल
दो दिनों के अंदर देना होगा जवाब नहीं तो मान्यता समाप्त करने की दी चेतावनी
कक्षा एक से आठवीं तक के समस्त विद्यालयों में जिला प्रशासन ने घोषित किया है 11 जनवरी तक अवकाश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। ठंड व शीत लहर को देखते हुए जिलाधिकारी की ओर से 11 जनवरी तक कक्षा एक से आठवीं तक के समस्त विद्यालयों में अवकाश घोषित है। इसके बावजूद सोमवार को भीखमपुर रोड में इंडियन पब्लिक स्कूल खुला पाया गया। स्कूल खोले जाने की सूचना जब वायरल हुई तो बेसिक कार्यालय के अधिकारी अचानक जागे और निरीक्षण में इसे सत्य पाया। प्रबंधक व प्रधानाध्यापक को दो दिन के अंदर मान्यता प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार शीत लहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के हित में जनपद के कक्षा आठ तक के सारे विद्यालय बंद करने का आदेश है। सोमवार को भीखमपुर रोड में एक विद्यालय खुले होने की जानकारी जब बीएसए को हुई तो उन्होंने नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी विजयपाल नारायण त्रिपाठी को इसकी जांच करने भेज दिया।
बीएसए हरिश्चंद्र नाथ ने बताया कि बीईओ ने रिपोर्ट दी है कि भीखमपुर रोड स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल निरीक्षण के दौरान खुला पाया गया और मौके पर छात्र-छात्राएं भी उपस्थित मिले। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रधानाचार्य व प्रबंधक कोई जवाब नहीं दे सके।
उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद स्कूल खोले जाना प्रशासनिक व विभागीय आदेशों का उल्लंघन, अनुशासनहीनता एवं लापरवाही दर्शाता है। विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को दो दिन के अंदर मान्यता प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होकर जवाब देने के लिए कहा गया है। स्पष्टीकरण प्रभावी नहीं पाए जाने पर संस्था के विरुद्घ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
कोट
जिला प्रशासन की ओर से पहले सात जनवरी तक ही अवकाश घोषित किया गया था। उसे बढ़ाकर 11 जनवरी तक कर दिया गया। कुछ विद्यार्थियों को अवकाश बढ़ाए जाने की सूचना नहीं हो पाई थी। इसलिए वे स्कूल पहुंच गए थे। ऐसे में उनको होमवर्क देकर वापस कर दिया गया।
-शेषनाथ गुप्ता, प्रबंधक इंडियन पब्लिक स्कूल
डीएम के आदेश का पालन सभी प्राथमिक व जूनियर स्तर के निजी स्कूल प्रबंधकों को करना चाहिए। संगठन इसका कड़ाई से पालन भी कर रहा है। रविवार की शाम को अवकाश 11 जनवरी तक किए जाने की सूचना संगठन के ग्रुप में भी शेेयर कर दी गई थी। इसके बावजूद भीखमपुर रोड में एक स्कूल का खुला जाना जिला प्रशासन के निर्देश की नाफरमानी है। हालांकि, संबंधित स्कूल के प्रबंधक हमारे संगठन के सदस्य नहीं हैं।
संगीता सिंह, जिलाध्यक्ष जूनियर शिक्षण प्रबंधक संघ